ग्वालियर: अगले दो दिन में 40 डिग्री के पार जा सकता है पारा

ग्वालियर, 08 अप्रैल(हि.स.)। मौसम शुष्क होने से अधिकतम पारा फिर से बढऩे लगा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन में अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है जबकि 11-12 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में आंधी-बारिश की स्थिति देखने को मिल सकती है।

विगत पांच अप्रैल की शाम शहर में हुई बूंदाबांदी के बाद छह अप्रैल को तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन मौसम शुष्क हो जाने से सात अपै्रल से जहां धूप काफी तेज निकल रही है वहीं उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं भी आ रही हैं। इस वजह से तापमान में वृद्धि शुरू हो गई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना है। यानी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। इसी बीच 10 अपै्रल को पश्चिमी हिमालय में तीव्र आवृत्ति का ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से ग्वालियर एवं चम्बल संभाग में 11 से 12 अपै्रल के दौरान कहीं तेज हवा के साथ बूंदांबांदी तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर