लोकसभा चुनाव : भाजपा महिला मोर्चा का चैत्र नवरात्रि पर्व पर कमल मेहंदी अभियान शुरु

-17 अप्रैल तक कन्या पूजन, कीर्तन का होगा आयोजन

-भाजपा उम्मीदवार उत्तराखंड में जीत की लगाएंगे हैट्रिक : आशा नौटियाल

देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने अबकी बार 400 पार मुहिम के तहत अपना कमल मेहंदी अभियान शुरू किया है। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने अपने हाथों पर कमल का फूल बनवाकर मेहंदी लगवाई। पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा स्थानीय महिलाओं को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। प्रदेश भर में 17 अप्रैल तक यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंगलवार को भाजपा महानगर कार्यालय में कमल मेहंदी अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चे की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल का कहना है कि पूरे प्रदेश में कमल मेहंदी लगाने के अभियान की शुरुआत हुई है और जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पदाधिकारी कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही स्थानीय महिलाओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है। जिसमें कन्या पूजन, कीर्तन भजन भी शामिल है। उनका कहना है कि आज से हिन्दू नवसंवत वर्ष की शुरुआत हुई है।

उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र में मां भगवती के अलग-अलग रूपों की पूजा उपासना की जाती है। ऐसे में भाजपा भी भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। यह सिलसिला रामनवमी तक जारी रहेगा।

अध्यक्ष आशा नौटियाल ने एक सवाल पर कहा कि भाजपा उम्मीदवारों के प्रति आमजनों में विश्वास देखने को मिल रहा है। एक बार फिर भाजपा राज्य के सभी पांचों सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राज्य में दूसरी रैली ऋषिकेश में आयोजित होने जा रही है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गीता रावत भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री, महानगर के भाजपा महिला मोर्चा के अध्यक्ष अर्चना बागड़ी,भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा शर्मा, प्रदेश मंत्री भावना शर्मा,भाजपा महिला मोर्चा के प्रभारी संदीप मुखर्जी के साथ दर्जाधारी राज्य मंत्री विनोद उनियाल, मधु भट्ट,सुषमा कुकरेती,पूनम ममगांई नेहा,नीलू साहनी,बबली चौहान,दिव्या नेगी,अंशिता शर्मा,नीतू रावत,सुधा प्रधान,सरस्वती बागड़ी,राखी नेगी के साथ अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर