वर्ष प्रतिपदा पर संघ के स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

-शहर में पुष्प वर्षा से हुआ स्वयं सेवकों का स्वागत

चित्रकूट, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चित्रकूट धाम द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा भारतीय नव वर्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती के उपलक्ष्य पर नगर में विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्यालय स्थित चित्रकूट इंटर कालेज कर्वी से हुआ। पथ संचलन का सभी प्रमुख चौराहों पर पुष्प् वर्षा के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे आरएसएस के सह प्रान्त प्रचारक मुनीश ने संबोधित करते हुए कहा कि आज 1 अरब 96 करोड़ 8 लाख 53 हजार एक सौ पच्चीस श्रृष्टि संवत,5126 युगाब्द विक्रमी संवत 2081 शक संवत 1946 है। आज वर्ष प्रतिपदा के दिन ही सन्त झूलेलाल जी व गुरु अंगददेव जी का जन्म हुआ था। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा भारतीय काल गणना का प्रथम दिन है।

वहीं जिला कार्यवाह अतुल प्रताप ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पथ संचलन का कार्यक्रम बडे ही धूमधाम के साथ आयोजित किया गया है। पथ संचलन से कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज में भी नव चेतना जागृत होती है। कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह विजय किशोर ने किया।

इस मौके पर आरएसएस के जिला संघचालक रामाधार,जनसंपर्क प्रमुख श्याम सुंदर मिश्र, नगर संघचालक आदर्श श्रीवास्तव,विभाग कार्यवाह संजय, विभाग प्रचारक मनोज, जिला प्रचारक पुनीत, जिला सम्पर्क प्रमुख आशीष सिंह, सुधा सिंह एवं प्रमिला मिश्रा आदि आदि सैकड़ों संघ कार्यकर्ता एवं हिन्दू संगठनों के लोग शामिल रहे। पथ संचलन के दौरान राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संगीता करवरिया एवं सुधा सिंह आदि द्वारा स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार /रतन/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर