ईद पर बस यात्रियों की संख्या बढ़ने से आय में हुई बढ़ोत्तरी

हल्द्वानी, 11 अप्रैल (हि.स.)। ईद का त्योहार परिवहन विभाग के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। ईद के मौके पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर पिछले चार दिनों से रोडवेज बसों में अतिरिक्त कमाई हो रही है।

रोजाना हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो को होने वाली औसत आमदनी 12 लाख से बढ़कर 16 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे में इस माह विभाग की आय बढ़ने की उम्मीद बनी हुई है। लोकसभा चुनाव के दौरान यात्रियों की संख्या कम होने के दौरान रोडवेज के लिए ईद राहत लेकर आई है। ईद से एक सप्ताह पहले से ही बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। इससे हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो की हर दिन होने वाली आय चार लाख तक बढ़ गई है। ऐसे में ईद के बाद वापसी के दौरान भी आय बढ़ने की उम्मीद है।

रोडवेज प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की संख्या को देखते हुए मैदानी मार्गों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों को भेजा जा रहा है। परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक एसएस बिष्ट ने बताया कि ईद पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से आय में बढ़ोतरी हुई है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भेजी जा रहीं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर