लोकसभा चुनाव : कांग्रेस से राहुल गांधी और भाजपा से राजनाथ सिंह बस्तर दौरे पर 13 को

- प्रियंका वाड्रा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी आएंगे छत्तीसगढ़

रायपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद अब कांग्रेस से राहुल गांधी और भाजपा से राजनाथ सिंह 13 अप्रैल को बस्तर दौरे पर आ रहे हैं। राजनाथ और राहुल के दौरे के बाद 14 अप्रैल को प्रियंका गांधी वाड्रा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी प्रदेश में धुआंधार रैली करेंगे।

जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस से राहुल गांधी प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। बस्तर लोकसभा सीट पर भाजपा का दबदबा बनाने राजनाथ सिंह दंतेवाड़ा में विशाल जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद राजनांदगांव लोकसभा सीट को साधने राजनाथ सिंह खैरागढ़ में जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस से राहुल गांधी बस्तर लोकसभा सीट पर उम्मीदार कवासी लखमा के पक्ष में वोट मांगने के लिए जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री मैदान में जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदार भूपेश बघेल के पक्ष में वोट मांगने प्रियंका वाड्रा भी प्रदेश दौरे पर रहेंगी। इस दौरान प्रियंका जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। राजनांदगांव लोकसभा सीट भाजपा का दबदबा बनाने अमित शाह भी 14 अप्रैल को प्रदेश दौरे पर रहेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री शाह का प्रदेश दौरा अहम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर