आप सभी राग-द्वेष छोड़कर पीएम मोदी और मेरे पिता केसरी नाथ त्रिपाठी के सपनों को पूरा करें : नीरज त्रिपाठी

--यह बड़ी जिम्मेदारी उठाने की हिम्मत आप सभी कार्यकर्ताओं से आई : नीरज त्रिपाठी

--प्रयागराज से केन्द्रीय चुनाव कार्यालय रामपुर जाते समय भाजपा उम्मीदवार का जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। आज जिस प्रकार भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह और जोश के साथ जगह-जगह स्वागत अभिनन्दन किया, उससे मैं अभिभूत हूं। आप सभी से प्रार्थना है कि आप सभी राग-द्वेष छोड़कर मुझको, मोदीजी को और मेरे पिता स्वर्गीय केसरी नाथ त्रिपाठी के सपनों को पूरा करने में मदद करें। आप सभी के विश्वास से पार्टी ने इलाहाबाद लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और यह जिम्मेदारी उठाने की हिम्मत आप सभी के बदौलत आईं है।

यह बातें इलाहाबाद लोकसभा के उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी ने यमुनापार रामपुर, करछना के केन्द्रीय चुनाव कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुझे मालूम है कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पूरे दिल से पूरे साल लगा रहता है। भाजपा कार्यकर्ताओं में व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं में बहुत बड़ा अंतर है। वह एक के बाद एक चुनाव मे परिश्रम करता रहता है, न थकता है न रुकता है। जब तक लक्ष्य न हासिल कर ले।

इसके पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर नीरज त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के विश्वास को क़ायम रखते हुए आगे चलकर बाबूजी के छवि की वजह से इतना आशीर्वाद मिल रहा है, यह उन्हीं की देन है। कोशिश रहेगी पिता के छवि को आगे बढ़ाते हुए पार्टी कार्यकर्ता के रूप में फिर एक बार मोदी सरकार चार सौ पार के लक्ष्य को संकल्प और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से पूरा कर प्रयागराज को इंडस्ट्रीयल एरिया के रूप में विकसित करना लक्ष्य होगा।

लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल, लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल, जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय आदि ने स्वागत करते हुए जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी। सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने प्रत्याशी के सामने पांच लाख मतों से विजयी बनाने का संकल्प लेकर एक बार फिर, मोदी सरकार, चार सौ पार के लक्ष्य को दोहराया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रत्याशी का नया ब्रिज, मेवा लाल बगिया, सरगम, आईटीआई गेट, डिज मेडिकल, रामपुर चौराहा आदि के अलावा जगह-जगह स्वागत अभिनन्दन किया गया। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, जय सिंह पटेल, संतोष त्रिपाठी, राजेश्वरी तिवारी, ज्ञान सिंह पटेल, जिला महामंत्री राजेश शुक्ला, पुष्पराज सिंह पटेल, जिला मंत्री प्रकाश शुक्ला, ओमप्रकाश निषाद, मनोज गुप्ता, सुरेश शुक्ला, मंडल अध्यक्ष पंकज द्विवेदी, सुधाकर पांडेय, अरुण सिंह, सविता मिश्रा, राजमणि पासवान, सुभाष सिंह, सुनील प्रजापति, राजकुमार मिश्रा, मिथिलेश पांडेय, रिंकू सिंह आदि के साथ विधानसभा प्रभारी, संयोजक, मंडल प्रभारी संयोजक आदि के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर