ग्वालियर: शहर में पारा पहुंचा 39 डिग्री के पार

-24 से 48 घंटे के दौरान बारिश की संभावना

ग्वालियर, 11 अप्रैल(हि.स.)। तीव्र आवृत्ति का एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान आंधी-बारिश की स्थिति देखने को मिल सकती है। इससे पहले गुरुवार को मौसम शुष्क रहने से सूरज ने तीखे तेवर दिखाए। जिससे अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। वर्तमान मौसम में यह तीसरी बार है जब अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। इससे पहले 28 व 29 मार्च को अधिकतम पारा क्रमश: 39.1 व 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

देश के विभिन्न भागों में मौजूद मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में पिछले दो दिन से बादल छाए हुए थे लेकिन गुरुवार को मौसम शुष्क रहा। जिससे सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख नजर आए। दिन चढऩे के साथ धूप और तेज होती चली गई। इस वजह से पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 अपै्रल शुक्रवार को हिमालय में तीव्र आवृत्ति का एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस चक्रवाती परिसंचरण से गुजरात व कोकण होते हुए कर्नाटक तक एक ट्रफ बनी हुई है। मराठवाड़ा में भी एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से 12 एवं 13 अपै्रल को ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर