दो दिवसीय प्रसून साहित्य उत्सव का 13 को होगा आगाज, छह विभूतियों को मिलेगा सम्मान

लखनऊ, 11 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में गोमतीनगर स्थित संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे जी प्रेक्षागृह में 13 अप्रैल से दो दिवसीय 'प्रसून साहित्य उत्सव' का आयोजन होगा। 14 अप्रैल को तक चलने वाले कार्यक्रम में साहित्यिक कृतियों के लोकार्पण के साथ ही परिचर्चा, कवि सम्मेलन और रंगमंच की प्रस्तुति के लिए साहित्य प्रेमी जुटेंगे।

इस संबंध में वरिष्ठ रंगकर्मी और पटकथा लेखक तथा पारस-बेला न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष विजय पंडित ने गुरुवार को बताया कि प्रसून साहित्य उत्सव का आयोजन पारस-बेला न्यास, लखनऊ और अनुष्ठान, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। पहले दिन 13 अप्रैल को शाम पांच बजे उत्सव की शुरुआत सम्मान समारोह से होगी। छह साहित्यिक विभूतियों को पारस शिखर सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें देश के सुप्रसिद्ध कवि लेखक स्वर्गीय सुरेश सलिल को यह सम्मान दिया जाएगा, जिसे उनके पुत्र संगम पांडेय और पुत्री इंदिरा ग्रहण करेंगे।

इसके अलावा वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामदरश मिश्र, वरिष्ठ कवि सोग ठाकुर, पद्मश्री डॉ. विद्या विंदु सिंह, वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना और अष्टभुजा शुक्ल को 'पारस शिखर सम्मान' से नवाजा जाएगा।

विजय पंडित ने बताया कि सम्मान समारोह के उपरांत कवि प्रशासक डॉ अनिल कुमार पाठक की दो काव्य कृत्तियों 'प्राण मेरे' और 'बचपन से पचपन' का लोकार्पण होगा। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. शंभुनाथ होंगे और अध्यक्षता प्रो० सूर्य प्रसाद दीक्षित एवं संचालन दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख आत्म प्रकाश मिश्र करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें डॉ. विष्णु सक्सेना, डॉ. सुरेश अवस्थी, श्लेष गौतम और अभिषेक सहज काव्यपाठ करेंगे।

प्रसून साहित्य उत्सव के दूसरे दिन कथा उत्सव के तहत रविवार 14 अप्रैल को शाम पांच बजे साहित्यकार डॉ. अनिल कुमार पाठक के कहानी संग्रह 'लावारिस नहीं, मेरी मां है।' का लोकार्पण किया जाएगा। इस दौरान संग्रह पर परिचर्चा भी होगी, जिसमें साहित्यकार नरेश सक्सेना, देवेंद्र राज अंकुर, वरिष्ठ रंगकर्मी सूर्यमोहन कुलश्रेष्ठ, शिवमूर्ति और संगम पांडेय हिस्सा लेंगे। इसके बाद संग्रह की प्रतिनिधि कहानी 'लावारिस नहीं, मेरी मां है' का मंचन संस्था अनुष्ठान, मुम्बई की ओर से किया जाएगा। इसका निर्देशन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व निदेशक प्रख्यात रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित/प्रभात

   

सम्बंधित खबर