तृणमूल ने ईद पर ममता बनर्जी के बयान को सराहा, भाजपा पर निशाना साधा

कोलकाता, 11 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा ने जहां ईद के मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण, ध्रुवीकरण और हिंदू मुसलमानों के बीच बंटवारे का आरोप लगाया, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी के बयान की सराहना की। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता तृणांकुर भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री ने केवल भाजपा-आरएसएस के नफरत से भरे, विभाजनकारी, सांप्रदायिक एजेंडे की ओर इशारा किया है, जो बंगाल में सांप्रदायिक सौहार्द बाधित करने के लिए केंद्रीय बलों का उपयोग कर रहे हैं''।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें भाजपा की सलाह की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री पूरे साल जनता के साथ रहती हैं। वह एक ऐसी नेता हैं, जो पंडालों में मां दुर्गा को चक्षुदान करती हैं, पूजा का उद्घाटन करती हैं, छठ उत्सव में भाग लेती हैं और ईद मिलन में भाग लेती हैं।’’

तृणमूल छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष तृणांकुर भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘वह त्योहार से पहले इफ्तार समारोहों में भी शामिल होती हैं। मुख्यमंत्री गिरजाघरों में क्रिसमस और गुरुद्वारे में सिख समुदाय के त्योहार में भी भाग लेती हैं।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की नीति और पश्चिम बंगाल के प्रति उसके भेदभावपूर्ण रवैये के कारण मजदूर दूसरे राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर हो गए हैं।’’

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/प्रभात

   

सम्बंधित खबर