अबकी बार 400 पार का संदेश जनता तक पहुंचाएं : धर्मपाल

बाबा साहब की जयंती को समरसता दिवस के रूप में मनायेगी भाजपा

अलीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को अलीगढ़ में ब्रज क्षेत्र के लोकसभा प्रवासियों, विधानसभा प्रभारी व संयोजकों के साथ चुनाव प्रबंधन पर मंत्रणा की। जनसभाएं, रैलियां, नुक्कड सभाएं, गोष्ठियां, सम्मेलन सहित जनसम्पर्क के माध्यम से अबकी बार 400 पार का संदेश लेकर जनता के बीच पहुंचना है।

बूथ समिति की मजबूत संरचना तथा सक्रियता संगठन की रणनीति को माइक्रोलेबल पर प्रभावी बनाती है। यही कारण है कि भाजपा का बूथ से लेकर केन्द्रीय स्तर तक का प्रत्येक पदाधिकारी पन्ना प्रमुख के रूप में बूथ समिति का सदस्य है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि विपक्ष अभी प्रत्याशी चयन तथा प्रत्याशी परिवर्तन के दौर में है। जबकि भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से घर-घर तक संवाद कायम किये हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए मतदान पूर्ण होने तक अपने कार्य क्षेत्र में डटे रहें। कल 14 अप्रैल को संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती को समरसता दिवस के रूप में मनाना है।

प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वह सभी संकल्प पूर्ण हो रहे है, जिन संकल्पों के साथ हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बनें थे। वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का स्वप्न साकार रूप ले रहा है। 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूर्ण करने के लिए तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए हमें अपनी समग्र शक्ति के साथ प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने के लिए जुटना होगा। जिसको जो दायित्व मिला है, उस दायित्व को सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास हम सभी को करना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास मुद्दे नहीं है। इसलिए झूठ, छल, प्रपंच से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास करेगा। हमें सावधानी से विपक्ष के हर षडयंत्र को समाप्त करना है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर