लोस चुनाव: 16 मार्च से 12 अप्रैल तक 483 लाइसेंसी शस्त्र जब्त

लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे उत्तर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसे सख्ती से पालन कराये जाने के लिए पुलिस, आयकर, आबकारी, नार्कोटिक्स एवं अन्य विभागों जुटा हुआ है।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस कार्रवाई में 12 अप्रैल को 10 लाइसेंसी शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कर जमा कराया गया। सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 63303 लोगों को पाबन्द किया गया। साथ ही 205 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 172 कारतूस व 03 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 106 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 04 केन्द्रों को सीज किया गया।

उन्होंने बताया कि सघन जॉच के लिए 513 अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट तथा 1844 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं। 16 मार्च से 12 अप्रैल तक पुलिस विभाग द्वारा अपराधिक व्यक्तियों के 483 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये गये। 4108 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराये गये।

इसी प्रकार सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 22,80,567 लोगों को पाबन्द किये जाने के लिए नोटिस प्रेषित किये गये, जिनमें से 16,24,035 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा 5979 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 6067 कारतूस, 2144.5 किलोग्राम विस्फोटक व 317 बम बरामद कर सीज किये गये। अवैध शस्त्र बनाने वाले 2130 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 107 केन्द्रों को सीज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर