राजनांदगांव : भारतीय खेल प्राधिकरण राजनांदगांव ने जीता स्वीप हॉकी मतदान कप-2024

- अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में स्वीप हॉकी प्रतियोगिता

राजनांदगांव, 13 अप्रैल (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में शनिवार को स्वीप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

स्वीप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय खेल प्राधिकरण राजनांदगांव और खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव की महिला टीम के बीच मैच हुआ। स्वीप हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर 26 अप्रैल 2024 को मतदान के लिए नागरिकों से आव्हान किया।

अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी खिलाड़ियों द्वारा बॉल और हॉकी से स्वीप आकृति बनाकर मतदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप सुरूचि सिंह के निर्देशन पर जिले में स्वीप अंतर्गत मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक तौर पर कार्य किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप सुरूचि सिंह ने भारतीय खेल प्राधिकरण राजनांदगांव और खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव महिला विंग्स खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने स्वीप हॉकी प्रतियोगिता की विजेता टीम भारतीय खेल प्राधिकरण राजनांदगांव को स्वीप हॉकी मतदान कप 2024 देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उप विजेता टीम खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने मतदाता सूची में जुड़े खिलाड़ियों को मतदान दिवस 26 अप्रैल को मतदान करने के लिए प्रेरित किया और अन्य खिलाड़ियों से घर के अभिभावकों को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करने कहा। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2024 शुक्रवार को फिट राजनांदगांव, फिट वोटर्स, गुड मॉर्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम पुष्प वाटिका रानी सागर के पास आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी को हिस्सा बनने कहा।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने खेल के साथ-साथ अच्छी पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने खिलाड़ियों को लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने मतदान दिवस 26 अप्रैल को अपने अभिभावकों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने कहा। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, सहायक नोडल अधिकारी स्वीप रश्मि सिंह, रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं हॉकी खिलाड़ी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर