मेरठ में घर में घुसा तेंदुआ, पांच घंटे बाद किया रेस्क्यू

तेंदुआ पकड़ने के लिए लगाया गया जाल और वन विभाग की टीम

मेरठ, 13 अप्रैल (हि.स.)। शहरी क्षेत्र में तेंदुआ आने की घटनाएं बढ़ती जा रही है। मेरठ में लालकुर्ती थाना क्षेत्र के कसेरूखेड़ा में शनिवार को एक घर में तेंदुआ घुस गया। तेंदुए को देखते ही घर में मौजूद लोगों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। लगभग पांच घंटे तक परिवार कमरे में ही कैद रहा। वन विभाग और पुलिस ने शाम को ट्रेंकुलाइज करके तेंदुए को पकड़ा।

कसेरूखेड़ा में आज तेंदुआ घुस गया। मस्जिद वाली गली में लोगों को तेंदुआ दिखाई दिया और इसके बाद तेंदुआ क्षेत्र के ललित के घर में घुस गया। घर में ललित, उसकी मां सुशीला, पत्नी मंजू और दो बच्चे मिंकु (8) व वीरा (10) थे। तेंदुए को देखकर उन्होंने कमरा अंदर से बंद कर लिया। कमरे के बाहर ही बरामदे में तेंदुआ बैठ गया। सूचना पर वन विभाग की टीम और लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने घर को चारों ओर से जाल डालकर बंद किया गया। जाल डालने के दौरान तेंदुए ने अंगद नामक युवक को पंजा मारकर घायल कर दिया। लोगों और वन विभाग के प्रयासों के बाद भी तेंदुआ घर से बाहर नहीं आया।

इस दौरान घर में मुर्गा डालकर भी तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन तेंदुए जाल में नहीं फंसा। मामला बढ़ता देखकर मकान के पीछे की दीवार तोड़कर परिवार को बाहर निकाला गया। लगभग पांच घंटे तक परिवार कमरे में ही बंद रहा। इसके बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करने की तैयारी की गई। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया। इसके बाद भी तेंदुआ जाल में नहीं फंसा। काफी प्रयासों के बाद शाम को वन विभाग की टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद तेंदुए को पिंजरे में बंद करके वन विभाग की टीम ले गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अनुसार, तेंदुए को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित

   

सम्बंधित खबर