नैनीताल लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश जोशी के समर्थन में हुई सभा

हल्द्वानी, 14 अप्रैल (हि.स.)। गौलापार में आज नैनीताल लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश जोशी के समर्थन में आयाेजित सभा में कांग्रेस अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष इंद्रपाल आर्य, वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक नैनीताल संजीव आर्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय जनता मौजूद रही।

इस दौरान वहां सभी ने संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 133वीं जयंती के मौके पर उनकी फोटो पर पुष्प अर्पित किया और संविधान को बचाने का संकल्प लिया गया। 19 अप्रैल को कांग्रेस उम्मीदवार प्रकाश जोशी को अधिक से अधिक मतों से जिताने का भरोसा क्षेत्र की जनता ने दिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा जनता ने इस बार परिवर्तन का मन बना लिया है। हमारे देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है जिसको बचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिन रात काम कर रहे हैं।

सभा में बड़ी संख्या में आये लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की जिनको नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

हिन्दुस्थान सामाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज

   

सम्बंधित खबर