भाजपा का संकल्प पत्र नहीं जुमला पत्र है : कांग्रेस

भाजपा, संकल्प पत्र नहीं माफीनामा जारी करे : दीपक बैज

रायपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने भाजपा के संकल्प पत्र को जुमला पत्र बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले दो बार के चुनावों में अपने वादों को भूल जाने वाले किस नैतिकता से नया संकल्प पत्र जारी किये हैं। भाजपा को जनता से नया वादा करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा के लिये घोषणा पत्र जिसे वे संकल्प पत्र कहते हैं, केवल जनता को ठगने का एक हथियार है। यह दल चुनाव में वोट लेने के बाद अपने संकल्प पत्र के वादों को खुद चुनावी जुमला बता देता है। भाजपा का संकल्प पत्र नहीं माफीनामा जारी करे।

दीपक बैज ने कहा कि 2014 और 2019 के संकल्प पत्र के वादों के बारे में बात करने की भाजपाई हिम्मत नहीं करते हैं। भाजपा बताये युवाओं के लिए सालाना दो करोड़ नौकरियां देने का क्या हुआ? किसानों की आय दोगुनी, एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों को लागत पर 50 प्रतिशत जोड़कर समर्थन मूल्य देने के वायदे का क्या हुआ? हर बैंक अकाउंट में 15-15 लाख देने का क्या हुआ? भाजपा बताये एससी, एसटी, के अधिकारों को सुरक्षित करने, एससी व एसटी पर 46 प्रतशित व 48 प्रतिशत अपराध क्यों बढ़ा? महिला आरक्षण लागू करने व महिला अत्याचार रोकने का क्या हुआ? 100 स्मार्ट सिटी, भाजपा के सांसदों के द्वारा गोद लिये गांवों, 2020 तक गंगा सफ़ाई, 2022 तक हर परिवार के सिर पर छत का क्या हुआ? 2022 तक सबको चौबीस घंटे बिजली देने, 2022 तक भारत को 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने का क्या हुआ? “लाल आँख“ व “मैं देश नहीं झुकने दूँगा” का क्या हुआ? हमारी जमीन पर चीन ने 2000 किलोमीटर तक कब्जा कैसे कर लिया? 2022 तक 40 करोड़ युवाओं को स्किल ट्रेनिंग, केन्द्रीय विभागों में लाखों पद रिक्त होने के बावजूद भर्तीया क्यों बंद हुई? सेना में नियमित भर्ती बंद करके ठेके पर चार साल के लिये अग्निवीर योजना का क्या औचित्य है? मोदी और भाजपा के इन वादों का हिसाब जनता मांग रही है।

दीपक बैज ने कहा कि 10 सालों में वादाखिलाफी का रिकॉर्ड बना चुकी भाजपा में साहस नहीं कि वह कोई नया वादा जनता से कर पाये। इसीलिये भाजपा का घोषणा पत्र पूरी तरह सतही और चुनावी औपचारिकता दिख रहा है। भाजपा के घोषणा पत्र में भाजपा के हार की झलक साफ दिख रही है। इसीलिये भाजपाई नया वादा करने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। ट्रेनों को बंद करने वाले वर्ल्ड क्लास स्टेशन बुलेट ट्रेन बनाने के लिये झूठे वादे कर रहे हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र से चुराकर गिगवर्कस के बारे में भी वादा कर रहे हैं। जबकि 10 सालों के मोदी राज में सबसे ज्यादा शोषण गिगवर्कर और असंगठित क्षेत्र का हुआ है। भाजपा के घोषणा पत्र में सक्षम और स्वावलंबी भारत बनाने की दिशा में कुछ भी नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर