विकास के नाम पर भाजपा ने लोगों को सिर्फ ठगा : कालीचरण मुंडा

खूंटी, 14 अप्रैल (हि.स.)। खूंटी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा ने रविवार को खूंटी विधानसभा क्षेत्र के कर्रा प्रखंड के कई गांवों का दौरा किया। कालीचरण मुंडा ने कर्रा प्रखंड के लोधमा, सावड़ा ,घुनसुली, कुदलुम, कुलहुटू आदि गांवांे में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील की।

मुंडा ने सावड़ा ग्राम के ग्रामीणों के साथ डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र में विकास का पहिया थम गया है। क्षेत्र में विकास के नाम पर भाजपा ने सिर्फ ठगा है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना सरकार की विफलता है।

उन्होंने भाजपा सांसद का पांच साल के कार्यकाल निराशाजनक बताया और कहा कि अब जनता को समझ जाना चाहिए कि कौन व्यक्ति उनके साथ हर कदम पर खड़ा है। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में जन समर्थन मांगा। उन्होने कहा कि भाजपा धन, बल का प्रयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है। इसलिए जनता इनके प्रलोभन पर ध्यान ना देकर जमीनी नेता को अपना सांसद चुने, जो हमेशा आपके साथ खड़ा रहे। कांग्रेस पार्टी केवल काम की राजनीति करती है। भाजपा धर्म, जाति, मंदिर-मस्जिद, भ्रष्टाचार की राजनीति करती है, लेकिन काम की राजनीति नहीं करती। पिछले 10 वर्षों में खूंटी संसदीय क्षेत्र का विकास पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत होते ही तेज रफ़्तार से विकास होगा, यह मेरी गारंटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर