लोस चुनाव : भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी पश्चिम की हवा : अखिलेश यादव

बघरा में आयोजित जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादवबघरा में आयोजित जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

मेरठ, 15 अप्रैल (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पहले चरण के लोकसभा चुनाव से ही हवा बदल रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवा भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। उन्होंने कहा कि यह विशेष चुनाव है और इस बार माहौल अलग हैं। हर वर्ग के लोग भाजपा के खिलाफ खड़े हो गए हैं।

मुजफ्फरनगर जनपद के बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान पर सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी उम्मीदवार हरेंद्र मलिक के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 2022 के चुनाव में यहां के मतदाताओं ने सपा गठबंधन को ऐतिहासिक वोट दिए थे। इसी वजह से विरोधी बोखला गए हैं। भाजपा के पोस्टर से उम्मीदवार का नाम गायब है। इस चुनाव में यूपी से भाजपा साफ हो जाएगी। आज जो उत्तर प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिल रही है, यह सपा सरकार की पहल थी। सपा सरकार ने एंबुलेंस दी और डायल 100 की व्यवस्था भी सरकार में हुई। भाजपा सरकार ने गाड़ी बढ़ाने की बजाय नंबर बदल कर 112 कर दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस की वसूली बढ़ गई है। भाजपा सरकार में बंटे लेपटॉप के बारे में बोलते हुए कहा कि समाजवादी सरकार का दिया गया लेपटॉप अभी तक चल रहा है। हमने बड़ा लेपटॉप दिया था और इन्होंने छोटा सा दिया। वह भी नहीं चल रहा है। फ्री राशन योजना के बारे में कहा कि भाजपा सरकार खराब राशन दे रही है। विपक्ष की सरकार बनने पर हम गरीबों को आटा और डाटा दोनों देंगे। यूपी में हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। भाजपा सरकार युवाओं का भविष्य बेहतर करना नहीं चाहती। आईएनडीआईए गठबंधन की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। इस बार भाजपा जीत गई तो संविधान नहीं बचेगा। भाजपा वोट का अधिकार छीनने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ कुलदीप/आकाश

   

सम्बंधित खबर