मैनपुरी समेत उप्र की 80 सीटों पर खिलेगा कमल : डॉ मोहन यादव

Etawah Etawah Etawah

- नामांकन कर जयवीर सिंह ने डिंपल यादव पर किया पलटवार, सपा सरकार में गुंडई के चलते मतदान रद्द हो गया था

- एमपी के मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह के चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन

मैनपुरी,15 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव हैलीकॉप्टर से सोमवार को सैफई हवाई पट्टी पहुंचे। सैफई में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोहन यादव का स्वागत किया।

एमपी के मुख्यमंत्री का हवाई पट्टी से सड़क मार्ग से मैनपुरी के लिए रवाना हुए। इस दौरान जगह-जगह पार्टी नेताओं ने नारे लगाए और खुशी जाहिर की। मैनपुरी पहुंचने पर मोहन यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ठाकुर जयवीर सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद एक सभा को संबोधित कर जमकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।

उन्होंने सभा में उपस्थित पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता से कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का उत्साह उत्तर प्रदेश में चारों तरफ देखकर मन आनंदित है। मैनपुरी सहित यहां लोकसभा की सभी 80 सीटों पर प्रचंड जीत के साथ कमल खिलेगा। यहां भाजपा प्रत्याशी को वोट करने और विकास की मुख्य धारा से जोड़ने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारी गणों और कार्यकर्ता साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

जयवीर सिंह ने किया नामांकन

भाजपा प्रत्याशी ठा. जयवीर सिंह ने सोमवार को जिला निर्वाचन कोर्ट में अपना नामांकन कराया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन कराने पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करने के बाद जयवीर सिंह काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की ओर से भाजपा के घोषणा पत्र को झुनझुना बताए जाने वाले बयान पर पलटवार कर जमकर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असल झुनझुना तो उनके पति का था, जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी और गुंडई के चलते मतदान रद्द हो गया था। भाजपा जाति-धर्म की राजनीति नहीं करती। जनता इस बार ये साबित कर देगी। जाति पर अपना अधिकार जमाने वालों को इस बार पता चल जाएगा, क्योंकि जनता अब जागरुक हो चुकी है। उन्होंने ये दावा किया कि चुनाव में भाजपा इस बार मैनपुरी समेत उप्र की सभी सीटें जीतेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/मोहित

   

सम्बंधित खबर