भाजपा के 24 सांसद बताएं राजस्थान के लिए क्या किया- गहलोत

अजमेर, 16 अप्रैल(हि.स)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के मुद्दे पर भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों को नाकारा-निकम्मा बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते हुए टूटा फूटा समझौता कर लिया और आपस में आभार व्यक्त करने लगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के 24 सांसदों से पूछो राजस्थान के लिए क्या किया?

गहलोत ने कहा- देश को खालिस्तान बनने से बचाने वाली पार्टी के खाते बंद कर दिए हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड पर प्रधानमंत्री घूम-घूम कर सफाई दे रहे हैं। जनता भी अब समझ गई है इसलिए हर दिन हमारे पक्ष में हवा बनती जा रही है।

पूर्व सीएम गहलोत मंगलवार को अजमेर से लोकसभा प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी के समर्थन में सभा करने पहुंचे थे। अजमेर के आजाद पार्क में जनसभा में पूर्व सीएम ने ईआरसीपी के मुद्दे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा- भाजपा की सरकार बनते ही एक टूटा-फूटा समझौता कर लिया और आपस में ही आभार व्यक्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ईआरसीपी को लेकर अजमेर में बोलकर गए थे। इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की बात कही थी। वसुंधरा राजे भी उस समय मौजूद थी। हमारे जोधपुर के एमपी हैं गजेंद्र सिंह शेखावत, जो पानी के मंत्री हैं। वो ईआरसीपी लागू नहीं करवा पाए देश के अंदर, पूरा पैसा दिल्ली से मिलता है। ऐसे-ऐसे तो निकम्मे-नकारा बना रखे हैं केंद्रीय मंत्री। जिन्होंने कुछ काम नहीं किया। ऐसे कैसे काम चलेगा? राजस्थान के साथ बहुत अन्याय हो रहा है। यमुना का पानी झुंझुनू में, यह भी नाटक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के 24 सांसदों से जनता को सवाल करना चाहिए कि उन्होंने क्या-क्या किया राजस्थान के लिए। पूर्व सीएम गहलोत ने कहा- भाजपा चाहती क्या है, यह समझ में नहीं आता है। देश चला रहे हैं या मजाक कर रहे हैं। ईडी, इनकम टैक्स के छापे डाल रहे हैं। करप्ट बता रहे हैं हमारे लोगों को और जैसे ही वो भाजपा जॉइन करते हैं बीजेपी की तो वाशिंग मशीन लगी हुई है वहां पर तो अपने आप दूध का धुला हुआ बाहर निकल जाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, इलेक्टोरल बॉन्ड का घोटाला किया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई। प्रधानमंत्री उसकी सफाई देते घूम रहे हैं। ईडी भेज-भेजकर 50-100 करोड़ रुपये मंगा लिए। गहलोत ने कहा कि देश की वित्त मंत्री सीतारमण के पति ने कहा कि यह (इलेक्टोरल बॉन्ड) घोटाला हिंदुस्तान का सबसे बड़ा घोटाला है। इससे बड़ा सर्टिफिकेट क्या चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में हालत बहुत गंभीर है। दो-दो मुख्यमंत्री जेल में बैठे हुए हैं। अमेरिका और जर्मनी ने भी कहा कि यह क्या मजाक हो रही देश के अंदर।

गहलोत ने कहा कि संवैधानिक पदों पर चुने हुए लोगों को जेल के अंदर डाल दिया। कांग्रेस के 12 खातों को बंद कर दिया। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस आज मैदान में चुनाव के लिए उतर रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा कि यह लोकतंत्र है क्या ? जहां पर कांग्रेस का बड़ा योगदान देश की आजादी के लिए रहा है। जिसने देश को खालिस्तान नहीं बनने दिया। उस पार्टी (कांग्रेस) का अकाउंट बंद कर दिया और वह पार्टी चुनाव के मैदान में जा रही है, कैसे वह चुनाव लड़ पाएगी। कांग्रेस इस बार साथ चल रही है, क्योंकि कमी है खाते बंद हो गए हैं। जनता भी समझ गई है कि कांग्रेस के पास पैसा नहीं है। इसलिए साथ दे रही है। हर दिन हमारे पक्ष में हवा बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भी समझ गए हैं कि कैंडिडेट के पास पैसा नहीं है, एआईसीसी दे नहीं पा रही है। इसलिए कोई भी पैसा नहीं मांग रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। आगे चुनाव होंगे या नहीं यह कोई गारंटी नहीं है। देश में संविधान की धज्जियां उड़ गई है। संविधान को बदलने के बात की जा रही है। इनकी नीयत ठीक नहीं है। गहलोत ने कहा कि यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए चुनाव है।

इससे पहले सभा को पूर्व मंत्री डॉ रघु शर्मा, प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी, आरटीडीसी चेयरमैन रहे धर्मेन्द्र राठौड़ सहित अन्य नेता ओं ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

   

सम्बंधित खबर