भाजपा विकास के बजाय धर्म और जाति की बात कर राजनीति कर रही है : सचिन पायलट

हल्द्वानी, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बुधवार को हल्द्वानी के रामलीला ग्राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार प्रकाश जोशी के समर्थन में जनसभा की। सचिन पायलट खुद गाड़ी चलाकर कांग्रेस उम्मीदवार जोशी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के साथ सभा स्थल पहुंचे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि आज पूरे देश में बदलाव का माहौल है और कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से इस चुनाव को लड़ रही है। पायलट ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विकास के बजाय धर्म और जाति की बात कर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आज नेताओं की आवाज दबाने और विपक्ष को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूछा कि भारतीय जनता पार्टी महंगाई की बात करने से क्यों डर रही है। पायलट ने कहा कि पूरे देश में जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। जनता अब बदलाव चाहती है। जनता अब भाजपा नेताओं के बहकावे में नहीं आने वाली है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर