नागदा: बहुराष्ट्रीय लैक्सेंस उद्योग में हुई दुर्घटना की जांच शुरू

- कारखाना निरीक्षक हिमांशु ने दुर्घटना स्थल से जुटाए तथ्य

नागदा, 19 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा में बहुराष्ट्रीय लैंक्सेस उद्योग में गुरुवार को हुई दुर्घटना के प्रकरण में उद्योग प्रबंधन कानून के मकड़जाल में उलझता नजर आ रहा है। औद्योगिक हेल्थ एंड सैप्टी विभाग के संभागीय कारखाना निरीक्षक हिमांशु सालोमन शुक्रवार को दुर्घटना स्थल पहुंचे और तथ्यों को जुटाया। इस दुर्घटना में एक श्रमिक राजेश यादव गंभीर घायल हुआ है, जिसका उपचार उज्जैन के पाटीदार हॉस्पिटल में अभी भी जारी है। वह अपने हाथ की दोनों अंगूलियां खो बैठा है। जांच के बाद कारखाना निरीक्षक हिमांशु ने हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी संवाददाता से दूरभाष पर बताया कि वे नागदा पहुॅचे थे। शाम को उज्जैन रवाना हुए।

घायल के लेंगे बयान

जांच अधिकारी के मुताबिक, घायल राजेश के एक साथी के बयान मौके पर लिए गए हैं, जो दुर्घटना के समय साक्षी था। दुर्घटनास्थल का मौका मुआयना कर उचित तथ्यों को संकलित किया गया है। घायल राजेश के बयान शनिवार को लिए जाएंगे, जोकि उज्जैन में भर्ती है। एक सवाल के जवाब में हिमांशु का कहना है कि इस प्रकरण में प्रबंधक कितना दोषी है, यह सब कुछ पुरी जांच के बाद कहा जा सकता है। घायल के बयान के बाद जांच को बल मिलेगा।

इधर, यूनियन नेता भवानी सिंह शेखावत का कहना है कि घायल राजेश अभी भी अस्पताल में भर्ती है। जिसके उपचार के बारे में हमारे यूनियन के लोग नजर रखे हुए हैं। श्रमिक नेता का यह भी कहना है कि उद्योग प्रबंधन ठेका मजदूर बता कर उसको लाभ से वंचित नहीं कर पाएगा। उपचार के दौरान उसकी उपस्थिति प्रबंधन या ठेकेदार का हर हालत में देना पडेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ कैलाश सनोलिया//मुकेश

   

सम्बंधित खबर