महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, चालक फरार, घायलों का उपचार जारी

रायगढ़ , 21 अप्रैल (हि.स.)। घरघोड़ा ब्लॉक के अमलीडीह में रविवार को महिलाओं को लेकर जा रही पिकअप वाहन पलट गई। हादसे में घायल लोगों का सीएचसी घरघोड़ा में उपचार जारी है।

कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने इस घटना के संबंध में बताया कि पिकअप वाहन में करीब 30 महिलाएं सवार थी, जो घरघोड़ा के बहिरकेला गांव से तमनार के जांजगीर गांव में एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं थीं। इस बीच अमलीडीह में यह दुर्घटना हुई। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने अधिकारियों को घायलों के त्वरित उपचार व हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। एसडीएम घरघोडा रमेश मोर अपनी टीम के साथ अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होने बताया कि हादसे में करीब 20 महिलाओं को चोट आई है। जिसमें से 5 महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि सबकी हालत खतरे से बाहर है। शेष 15 महिलाएं जिन्हें मामूली चोट आई हैं उनका प्राथमिक उपचार सीएचसी घरघोड़ा में जारी है। पिकअप चालक घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर