निर्भया स्क्वाड टीम ने 4 माह में 2 लाख से ज्यादा महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

जयपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर आयुक्तालय में महिला-बालिकाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिये संकल्पबद्व पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मिशन ‘सतर्क जयपुर-सुरक्षित जयपुर‘ के अंतर्गत निर्भया स्क्वायड महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर नजर आई। निर्भया स्क्वायड की पहल पर मनचलों और असामाजिक तत्वों में भय बना हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त नीतिशा जाखड़ के नेतृत्व में 1 जनवरी 2024 से अब तक जयपुर के भीड़भाड़ वाले विभिन्न स्थानों पर निर्भया स्क्वॉड टीम ने ड्यूटी करते हुये 233 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करवाते हुए 2 हजार 533 मनचलों को समझाइश की गई। विभिन्न थानों में 2 मुकदमें व 41 परिवाद दर्ज करवाये। 2 लाख 24 हजार से अधिक महिला-बालिकाओं को जागरूक किया गया है एवं मास्टर ट्रेनर द्वारा 2,86,984 महिलाओं-बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने बताया कि निर्भया स्क्वॉड में संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093, 8764866094 पर 1 जनवरी 2024 से अब तक 53 शिकायतें प्राप्त हुई । जिनमें से 1 एफआईआर दर्ज, 1 गुमशुदगी दर्ज कराते हुए 6 शख्स को 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार करवाकर 44 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा पुलिस नियंत्रण कक्ष में संचालित महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर 1 जनवरी 2024 से अब तक 755 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनका नितिषा जाखड़ सहायक पुलिस आयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष जयपुर के सुपरविजन एवं दिशा निर्देश में 13 इंसदादी कार्यवाही, 5 प्रकरण दर्ज करवाते हुए 655 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

पुलिस नियंत्रण कक्ष में संचालित वाट्स एप हेल्पलाइन 8764868200 पर प्राप्त 27 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 16 शिकायतों का निस्तारण करवाया। सुपरविजन के उद्देश्य से सहायक पुलिस आयुक्त नीतिशा जाखड़ द्वारा समय समय पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बाद प्राप्त जांच रिपोर्ट पर 10 प्रतिशत महिलाओं से जरिये फोन सम्पर्क किया गया जिस पर महिला परिवादियों द्वारा पुलिस कार्यवाही पर संतुष्टि जाहिर की गई।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने बताया कि भीड़भाड़ में जाने वाली सभी बालिकाएं और महिलाएं अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के 5 नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093, 8764866094 जरूर सेव करें। इन सभी नंबरों को निर्भया 1, 2, 3, 4, 5 के नाम से अपने मोबाइल में सेव करें। किसी भी परेशानी होने पर इन नंबरों पर लिखित, मौखिक, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजी जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे काम करती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर