कांग्रेस और उसके गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई और संपत्ति पर: रेणु देवी

कांग्रेस और उसके गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई और संपत्ति पर -  रेणु देवी 

बेतिया, 24 अप्रैल (हि.स)। मत्स्य पालन एवं पशुपालन मंत्री रेणु देवी ने प्रेस को संबोधित करते हुए बुधवार को कहा कि 60 के दशक से कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति को चुनाव जीतने का हथियार बनाया। हम वर्षों से इसके खिलाफ लड़ रहे थे। 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास का एजेंडा देश में सेट किया, जिसके बाद कांग्रेस लगातार पराजित हो रही है। अब कांग्रेस फिर से एक बार तुष्टिकरण के आधार पर आगे बढ़ना चाहती है।

मत्स्य पालन एवं पशुपालन मंत्री रेणु देवी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है। आपकी संपत्ति पर है। आपकी संपत्ति पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है। किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है, किसके पास कितना धन है, किसके पास कितने मकान हैं, कांग्रेस सरकार उसकी जांच कराएगी। यह जो संपत्ति है उनको सरकार अपने कब्जे में लेकर सभी को बांट देगी।

कांग्रेस यहां तक जाएगी कि आपके गांव में पैतृक घर है तो यह लोग उसे दो घर बताकर छीन लेंगे। कांग्रेस के लोग कहेंगे कि आपके पास गांव में तो एक घर पहले से ही है। इनकी यह सोच माओवादियों और कम्युनिस्टो जैसी है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन इसे भारत में लागू करना चाहती है। प्रधानमंत्री ने सही ही कहा है कि यही कांग्रेस की नीति और उनके घोषणापत्र का हिडेन एजेंडा है।

कांग्रेस का घोषणापत्र 2024 स्पष्ट है। इसमें विशेष रूप से कहा गया है कि कांग्रेस जातियों और उप-जातियों और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों की गणना करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना आयोजित करेगी। आंकड़ों के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई के एजेंडे को मजबूत किया जाएगा।

जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गाँधी की अगुवाई वाली कॉन्ग्रेस सरकारों ने लोगों की कमाई जब्त करने वाले ऐसे ही कानून 1963 और 1974 में पास किए थे। इनका नाम कम्पलसरी डिपाजिट स्कीम एक्ट था। इसके अंतर्गत सभी करदाताओ, सम्पत्ति धारकों और सरकारी कर्मचारियों को अपनी कमाई का 18% सरकार के पास जमा करना होता था। जमा की धनराशि 3-5 वर्ष तक के लिए सरकारी खजाने में रहती थी।

उन्होंने कहा आज की सरकार लोगों की कमाई बढ़ा कर देश को सशक्त करना चाहती है, वहीं कॉन्ग्रेस सरकारें लोगों की कमाई जब्त करके देश का विकास करना चाहती थीं। इन कानूनों के तहत सरकार को यह ताकत भी थी कि वह इस बात पर निर्णय ले कि किसका पैसा कितने दिन रखा जाए, किसको कब पैसा वापस दिया जाए।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव , एनआरआई सेल के प्रदेश प्रभारी आनंद अवस्थी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष धनरंजन कुशवाहा अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

/चंदा

   

सम्बंधित खबर