मंडा मेला हमारी एंतिहासिक परंपरा की पहचान है: अर्जुन मुंडा

-कर्रा का ऐतिहासिक लौंयकेल मंडा में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब

खूंटी, 24 अप्रैल (हि.स.)। कर्रा प्रखंड क ऐतिहासिक लौंयकेल मंडा बुधवार को झूलन के साथ संपन्न हो गया। मंडा मेला में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने कहा कि महादेव पूरे संसार के तारणहार हैं। महादेव को ही आघोरीनाथ नाथ कहा जाता है। मुझे खुशी है कि इस प्राचीन मंदिर की प्राचीन परंपरा आज भी भव्य रूप से मनाई जा रही है, जो हमारे सभ्यता-संस्कृति को दिखाती है। ऐसे पारंपरिक कार्य हमारे जीवन में आए उतार-चढ़ाव से हमें दूर करते हैं और हम लोग अपने सुख-दुःख को भूलकर आस्था में खो जाते हैं।

मंत्री ने कहा कि भारत देश जहां बाबर, अकबर के अलावा अंग्रेजों ने भी शासन किया। इसके बाद हमें आजादी मिली और हमारे भारत देश को व्यवस्थित ढंग से चलने के लिए व्यवस्था बनाई गई। इसके तहत जनता अपना जन प्रतिनिधि चुनती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था बनती है। आनेवाले लोकसभा चुनाव है लोग अपने जन प्रतिनिधि को चुन सकते हैं। उन्होंने मंडा मेला समिति के सभी सदस्यों बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के कार्य में अपना सहयोग देना सराहनीय है।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद प्रसाद सोनी, मनोज कुमार, बृजेन्द्र हेमरोम, विष्णु प्रसाद सोनी, दिलीप सिन्हा, बालकिशुन महतो, रामध्यान सिंह, विनय गुप्ता, नीलाम्बर सिंह आदि मौजूद थे। मंडा मेला को सफल बनाने में जय माता दी क्लब सह मंडा मेला संचालन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार पाण्डेय, मुख्य संरक्षक नागेंद्र सिंह, बसंत सिंह मुंडा, प्रभात सिंह राठौर, मंटू महतो, बाबू खान, गुलाब नायक, महादेव लोहरा, तुलसी लाल साहू, पवन गुप्ता, अनूप लकड़ा, नवीन गुप्ता, विराट सिंह, बिहारी सिंह, नवीन कुमार, दुर्गा बड़ाईक, सगीर अहमद आदि ने योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर