अखिलेश यादव में हार का डर समा गया है - ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के अंदर हार का डर समा गया है। इसके लिए अखिलेश यादव बार बार अपने उम्मीदवार बदल रहे हैं।

लखनऊ में अपने आवास से उन्नाव निकलते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव कितने भी टिकट बदल लें, भाजपा के प्रत्याशियों की जीत होनी सुनिश्चित है। कन्नौज, मैनपुरी सहित उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर कमल का फूल खिलेगा और भाजपा प्रत्याशी विजयी होगें।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को इस बार एक भी सीटें नहीं मिलने वाली है। अखिलेश यादव जीत के लिए तरस जायेंगे। बदायूं सीट पर अखिलेश यादव ने तीन बार प्रत्याशी बदले तो उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव भी चुनाव मैदान से बाहर होने में ही भलाई समझें।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए अर्थात परिवार डेवलपमेंट एजेंडा को जनता समझ चुकी है। जनता इस चुनाव में समाजवादी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी। दूसरे चरण में भी भाजपा आठों लोकसभा सीटें जीतने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर