श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 4,812 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था जम्मू से रवाना

जम्मू, 04 जुलाई (हि.स.)। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सालाना श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था शनिवार सुबह जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास से रवाना हुआ।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कुल 4812 तीर्थयात्री 259 वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम के दो बेस कैंपों के लिए रवाना हुए। 2041 तीर्थयात्री बालटाल रूट से यात्रा कर रहे हैं जबकि 2,771 पहलगाम रूट से जा रहे हैं।

इस जत्थे में 3434 पुरुष तीर्थयात्री, 966 महिला तीर्थयात्री, 11 बच्चे, 244 साधु और 157 साध्वियां शामिल हैं। काफिले में 95 बसें, 47 मीडियम मोटर वाहन, 116 लाइट मोटर वाहन और एक दोपहिया वाहन शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि बालटाल जाने वाला काफिला सुबह 3:00 बजे भगवती नगर से रवाना हुआ जबकि पहलगाम जाने वाला काफिला बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 3:24 बजे रवाना हुआ।

इस बीच शनिवार को तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था बालटाल और पहलगाम में नुनवान स्थित बेस कैंपों से दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर की यात्रा शुरू करने के लिए निकला जहां प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग मौजूद है।

दूसरे जत्थे में शामिल तीर्थयात्री करण सिंह ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों ने श्रद्धालुओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है।

करण ने यात्रा के सफल होने की उम्मीद जताते हुए कहा, हम इतनी मजबूत सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने के लिए प्रशासन के आभारी हैं। इससे हमें दर्शन के लिए अपनी यात्रा जारी रखने का हौसला मिल रहा है।

इस नए जत्थे के रवाना होने के साथ ही 2 जुलाई को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद से जम्मू से कुल 13,499 यात्री यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं।

57 दिनों तक चलने वाली सालाना अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई और 28 अगस्त (रक्षा बंधन) को समाप्त होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर