नरपतगंज के गड़गामा में खेसारी लाल यादव ने राजद प्रत्याशी के लिए की चुनावी सभा

अररिया 09 नवम्बर(हि.स.)। नरपतगंज के भरगामा प्रखंड के गड़गामा मेला मैदान में भोजपुरी सिनेस्टार एवं राजद नेता खेसारी लाल यादव ने राजद प्रत्याशी मनीष यादव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।

राजद नेता खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिहार के विकास और नई युवा सोच के लिए परिवर्तन अत्यावश्यक है।पहले चरण में हुए मतदान ने स्पष्ट किया है कि इस बार बिहार परिवर्तन के मुंह पर खड़ी है।उन्होंने दूसरे चरण में भी महागठबंधन के पक्ष में मतदान करवाने की अपील की। खेसारी लाल यादव ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी प्रसाद का सरकार गठन को लेकर कांसेप्ट क्लियर है, जहां सबों के मान सम्मान के साथ बेरोजगारों को रोजगार देने के साथ माई बहिन योजना के तहत हरेक मां बहन को महंगाई और गरीबी से लड़ने के लिए ताकत देने के साथ दो सौ यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार में अपार संभावनाएं हैं।बावजूद इसके बिहार के नौजवान रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन करने को मजबूर है।बिहार में उद्योग धंधे और रोजगार चाहिए तो महागठबंधन को एक बार विकल्प के तौर पर सत्ता में बैठा कर दिखाइए।

चुनावी सभा को राजद प्रत्याशी मनीष यादव, जिलाध्यक्ष मंडल अविनाश आनंद सहित अन्य महागठबंधन के नेताओं ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

   

सम्बंधित खबर