धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर हरिद्वार में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ

हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनहित, पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून, राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन तथा जी-20 शिखर सम्मेलन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़कर 2.76 लाख रुपये से अधिक हो गई है। हरिद्वार जनपद में सड़क, पेयजल, सीवरेज, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी तथा संजय अरोड़ा ने भी धामी सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में छह प्रगतिशील किसान सहित कुल 59 लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं सूचना स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की व आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, संयोजक विकास तिवारी, महामंत्री हीरा सिंह, लव शर्मा, आशु चौधरी, मनोज गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर