लाओखोवा वन्यजीव अभयारण्य में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू

नगांव (असम), 03 जुलाई (हि.स.)। असम के नगांव जिले स्थित लाओखोवा वन्यजीव अभयारण्य में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। प्रशासन ने अभयारण्य क्षेत्र में सैकड़ों बीघा भूमि पर की जा रही कथित खेती को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अभियान के दौरान संरक्षित वन क्षेत्र में की जा रही बड़े पैमाने पर जूट की खेती को निशाना बनाया गया। प्रशासन का कहना है कि यह भूमि वन विभाग के संरक्षित क्षेत्र का हिस्सा है और उस पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया था।

कार्रवाई के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सुबह मवेशी चराने गए एक व्यक्ति के साथ वन कर्मियों ने मारपीट की। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और अंतिम सूचना मिलने तक वन विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वन अधिकारियों ने पहले सरकारी भूमि पर धन लेकर खेती की अनुमति दी थी और बेदखली अभियान शुरू होने तक खेती पर कोई रोक नहीं लगाई गई। इन आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है तथा प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

-----------

   

सम्बंधित खबर