सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण जरूरी : डॉ. शशिकांत
- Admin Admin
- Apr 12, 2025

गोरखपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के फार्मेसी संकाय में उन्नति फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित 30 दिवसीय सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित फार्मेसी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. शशिकांत सिंह ने कहा कि सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए सॉफ्ट स्किल को विकसित करना जरूरी है।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व गुण और पेशेवर शिष्टाचार को निखारने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। पूरे प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और आज के समारोह में उन्होंने अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत किया। केवल 30 दिनों में विद्यार्थियों में जो परिवर्तन देखा गया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षक शिवानंद त्रिपाठी और कक्षा समन्वयक श्रेया मद्धेशिया ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर कई विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए जबकि कई विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन अनामिका पांडेय, अमन यादव, आदर्श कुमार, सुभाषचंद यादव ने तथा आभार ज्ञापन अजय यादव और अंकिता ने किया। इस अवसर पर फार्मेसी संकाय के शिक्षकगण जूही तिवारी, नंदिनी जायसवाल, श्रेया मद्धेशिया, प्रवीन कुमार सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. अमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय