पानी के टैंक में ले जाई जा रही 360 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
सुपौल, 07 जून (हि.स.)।
जिले के भपटियाही थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लालगंज पुल के समीप एक ऑटो से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है।
इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद कफ सिरप की कुल 360 बोतलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी प्रजेश दुबे को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ऑटो के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने लालगंज पुल के पास नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस को ऑटो पर लदे पानी के टैंक पर संदेह हुआ। जब टैंक की तलाशी ली गई तो उसके अंदर छिपाकर रखी गई कोडीन युक्त कफ सिरप की 360 बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने ऑटो में सवार चारों व्यक्तियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड संख्या 8 निवासी कुंदन कुमार, धर्मपट्टी वार्ड संख्या 9 निवासी मिथुन कुमार, वार्ड संख्या 10 निवासी सुमन कुमार तथा भपटियाही थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी उमेश यादव के रूप में की गई है।पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
थाना प्रभारी प्रजेश दुबे ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

