राष्ट्र सेवा व त्याग- तपस्या की पृष्ठभूमि पर हुई भाजपा की स्थापना : भाजपा
- Admin Admin
- Apr 06, 2025

-शहर पश्चिम विधानसभा की सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ आयोजन-भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया राम से राष्ट्र की ओर चलने का संकल्प
प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी का 46वां स्थापना दिवस उत्सव पर्व के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय सिविल लाइन में ध्वजारोहण सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। शहर पश्चिमी विधानसभा सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन बेनीगंज में किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना राष्ट्र सेवा एवं त्याग-तपस्या की पृष्ठभूमि पर हुई है।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को श्री राम जन्मोत्सव एवं पार्टी स्थापना दिवस की बधाई दी।
वक्ताओं ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया और आज उन्हीं महापुरुषों की विचारधारा और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारतीय राजनीति की धुरी बन चुकी है। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सबके विकास एवं कल्याण के प्रति समर्पित है। चाहे केंद्र सरकार हो या प्रदेश सरकारें, सभी के कामकाज में यह पूरी तरह परिलक्षित होता है। उन्हाेंने आगे कहा कि भाजपा आज भारत की अकेली ऐसी पार्टी है जो गरीबों, दलितों, वंचितों एवं समाज के शोषित वर्गों की आकांक्षाओं की प्रतिनिधि बन कर काम कर रही है और मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा विकसित भारत के संकल्प के साथ काम कर रही है। देश की जनता को भी इस बात का पूरा विश्वास है कि 2047 में यह संकल्प अवश्य पूरा होगा। अपनी स्थापना से ही देशहित को सर्वोपरि मानने वाली भाजपा देशभर में जनसेवा का प्रतीक बनी है।
विरासत, विज्ञान और विकास को चरितार्थ करते हुए हर देशवासी तक न्याय और समानता सुनिश्चित करना भाजपा का संकल्प है और इस दिशा में संगठन के करोड़ों कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे। कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपनी मूल आधारित राजनीति को परिभाषित करते हुए धारा 370 हटाने का काम किया। श्री रामजन्म भूमि मंदिर का निर्माण किया। सिटीजन अमेंडमेंट कानून लाया और वक्फ बोर्ड संशोधन बिल 2025 को अंजाम दिया। और आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव और स्थापना दिवस भी है। इसलिए सभी पार्टी कार्यकर्ता विकसित भारत के निर्माण के लिए राम से राष्ट्र की ओर चलने का संकल्प भी लेते हैं।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर झंडा लगाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को याद किया और राष्ट्र प्रथम एवं राम से राष्ट्र की ओर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व उपमहापौर लल्लू लाल कुशवाहा, डॉ. शैलेश पांडे, वरुण केसरवानी रवि, रामलोचन साहू, प्रेम केसरवानी, श्रवण पाल, पारस श्रीवास्तव दिग्विजय सिंह, अपूर्व चंद्रा, अनिल सिंह, राजेश सिंह, शोभिता श्रीवास्तव, राम प्रकाश, राकेश जैन, रजत सोनकर, रूपेश सिंह, रामजी शुक्ला एवं शहर पश्चिम विधानसभा के सभी सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र