'सोताले सोताले कांग्रेस' अभियान ऊपरी असम में शुरू

गुवाहाटी, 10 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान शुरू किया है, जिसका नाम 'सोताले सोताले कांग्रेस' रखा गया है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम 10 फरवरी की सुबह से प्रारंभ हुआ। आज मार्घेरिटा और माकूम में दो सभाओं के अलावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुना।

जनता से बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कथित गुंडाराज का खुलासा किया। इस अभियान में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष गुणकांत गोगोई, रूपा देवड़ी, बालिका पेगु, महासचिव राजेश जोशी, दुर्गा भूमिज, राजू साहू, रामन्ना बरुवा, तिनसुकिया जिला अध्यक्ष जयंत कलिता सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

11 फरवरी को यह अभियान डिगबोई और चाबुआ-लाहोवाल क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ जिलों के बाद इसे पूरे असम में क्रमवार रूप से बढ़ाया जाएगा। कांग्रेस इस अभियान के तहत जनता की राय लेकर आगामी चुनाव के लिए कार्ययोजना तैयार करेगी, जिसमें इन सुझावों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर