देवरिया : जनगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेंगी विशेष मेडिकल किट
- DSS Admin
- May 19, 2026
देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के
देवरिया जनपद के भाटपाररानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ने जनगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष मेडिकल किट मंगलवार को तैयार की गई है। यह पहल गर्मी के मौसम में उनकी तबीयत बिगड़ने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पीएचसी भाटपार रानी की ओर से यह किट उपयोग निर्देशिका के साथ दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या के दौरान कर्मचारियों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
इस संबंध में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. इमाम सिद्दीकी ने मंगलवार को बताया कि किट में कई महत्वपूर्ण दवाएं शामिल हैं। इनमें दस्त, उल्टी या कमजोरी के लिए ओआरएस, पेट दर्द या ऐंठन के लिए टैब डाइसाइक्लोमाइन, उल्टी या मतली के लिए टैब ओंडांसेट्रॉन, एंटीबायोटिक के तौर पर टैब सेफिक्साइम 200एमजी, गैस या पेट में जलन के लिए टैब एंटासिड, दस्त संबंधी परेशानी के लिए टैब मेट्रोनिडाजोल 400एमजी तथा बुखार, सिरदर्द या सामान्य बदन दर्द के लिए टैब पैरासिटामोल 500एमजी शामिल हैं।
किट में सामान्य घावों पर संक्रमण से बचाव और पट्टी के लिए बैंडेज रोल और ऑइंट पोविडोन आयोडीन भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों ने मिलकर इन दवा किटों को तैयार किया है।
--------------

