(अपडेट) पूर्व विधायक के बेटे की सडक़ दुर्घटना में मौत

जोधपुर, 15 मार्च (हि.स.)। शहर के नहर चौराहा के समीप शुक्रवार देर रात साढ़े 12 बजे भीषण सडक़ हादसे में शिव के पूर्व विधायक जालमसिंह रावलोत के पुत्र की मौत हो गई और साथी घायल हो गया। कार को उसका साथी चला रहा था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सुपुर्द किया गया। मामले में अग्रिम जांच जारी है।

थानाधिकारी ईश्वरचंद पारिक ने बताया कि बाड़मेर शिव के पूर्व विधायक जालमसिंह रावलोत के बेटे निपुणराज सिंह (26) और उसका साथी पार्थ राठौड़ जोकि दोनों वर्तमान में उम्मेद हेरिटेज में रहते है। शुक्रवार की देर रात यह लोग कार में सवार होकर डीपीएस से जोधपुर की तरफ आ रहे थे। कार को पार्थ राठौड़ चला रहा था, पास में निपुणराज सिंह बैठा था। रात साढ़े 12 बजे यह लोग जब पाल रोड नहर चौराहा के पास में पहुंचे तब कार डिवाइडर पर चढ़ से दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कार की दिशा भी बदल गई। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मगर अस्पताल में पूर्व विधायक जालमसिंह रावलोत के पुत्र निपुणराज सिंह को मृत बता दिया गया। पार्थ राठौड़ का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

देर रात हादसे के बाद काफी लोग वहां जमा हो गए। बाद में तत्काल उन्हें अस्पताल भिजवाया गया। कार को पुलिस ने रास्ते से हटवाकर मार्ग दुरूस्त कराया। थानाधिकारी पारिक ने बताया कि आज सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन के सुपुर्द किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

   

सम्बंधित खबर