फरीदाबाद में एक ही महिला काे कांग्रेस व आआआपा ने बनाया उम्मीदवार
- Admin Admin
- Feb 17, 2025

महिला के पति ने कहा, कांग्रेस की टिकट पर लड़ेंगे चुनावआआपा उम्मीदवार बनाने पर नहीं कोई जानकारी
फरीदाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच उम्मीदवार को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल, फरीदाबाद नगर निगम में दोनों पार्टियों ने एक महिला को एक ही वार्ड से पार्षद चुनाव के लिए अपनी-अपनी टिकट दे दी। पहले आप ने लिस्ट जारी की, फिर 1 दिन बाद कांग्रेस ने भी महिला हरविंदर कौर को उम्मीदवार बना दिया। दोनों लिस्ट सामने आईं तो मामला सुर्खियों में आ गया। कांग्रेस का दावा है कि महिला और उनके पति हरजिंदर सिंह ने उनके टिकट के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद फरीदाबाद एनआईटी के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने इसकी पैरवी की। जिससे उन्हें उम्मीदवार बना दिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी का कहना है कि महिला और उनके पति खुद हमसे टिकट लेकर गए हैं। इसके बारे में पास फोटो वाले सबूत भी हैं। कांग्रेस को उम्मीदवार नहीं मिल रहे, इस वजह से हमारा कैंडिडेट ले लिया। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि महिला आआप से चुनाव लडऩा ही नहीं चाहती थी। वैसे भी आम आदमी पार्टी में अब आम तो बचा नहीं, सिर्फ गुठलियां रह गई हैं। इसको लेकर आप और कांग्रेस के संगठन की कारगुजारी पर सवाल हो रहे हैं कि टिकट बंटवारे को लेकर उन्होंने पहले कोई पड़ताल नहीं की कि महिला को दूसरी पार्टी टिकट दे चुकी है या वह दूसरी पार्टी से भी टिकट मांग रही है। इस बारे में हरविंदर कौर के पति हरजिंदर सिंह ने बताया कि वह कई सालों से आआप के साथ जुड़े हुए थे। मगर, 2024 के विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। फरीदाबाद एनआईटी से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने उनको पार्टी में शामिल कराया था। विधानसभा चुनाव होने के कुछ दिन बाद ही हरजिंदर सिंह वापस आआप में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने आआप में वार्ड नंबर 9 से पत्नी हरविंदर कौर को पार्षद का चुनाव लड़ाने के लिए आवेदन कर दिया। आआप ने 15 फरवरी को सूची जारी की, जिसमें हरविंदर का नाम भी था। 16 फरवरी को शाम को हरविंदर का नाम कांग्रेस की सूची में भी आ गया। हरजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी अब कांग्रेस की उम्मीदवार बनकर चुनाव लड़ेंगी। वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि वे आआप को छोड़ चुके हैं। इसके बावजूद उनकी पत्नी को उम्मीदवार बनाया गया, लेकिन वह कांग्रेस से ही नामांकन भर रहे हैं। इस बारे में हरविंदर कौर मेहंदीरत्ता ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी से नामांकन कर रही हूं। आआप को कोई गलतफहमी हुई है। हमने कांग्रेस से ही टिकट के लिए आवेदन किया था। आम आदमी पार्टी के मुझे उम्मीदवार बनाने के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नरेश शर्मा ने कहा कि हमने 2 दिन पहले हरजिंदर सिंह की पत्नी हरविंदर कौर को टिकट दी थी। वह खुद टिकट लेने के लिए आए थे। पार्टी भी उन्होंने खुद ही आकर जॉइन की थी। हमारे पास उनके टिकट लेने के फोटो भी हैं। मैं कोर कमेटी मेंबर हूं और मेरे भी उनकी टिकट वाले फैसले में साइन हैं। इन्होंने अपने सारे कागज लाकर हमसे टिकट मांगी थी। हमारे पास उसके सबूत हैं। कांग्रेस के पास कैंडिडेट नहीं थे, इसलिए हमारी पार्टी से कैंडिडेट ले लिया। उन्होंने कहा कि हरजिंदर सिंह का यह गलत फैसला है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर