नारकेलडांगा अग्निकांड : पार्षद के खिलाफ स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन
- Admin Admin
- Feb 09, 2025
![](/Content/PostImages/e2e1219dc8b6671dbc4d99b36b34cc4d_1628747365.jpg)
कोलकाता, 09 फ़रवरी (हि.स.)। महानगर कोलकाता के नारकेलडांगा स्थित रेलवे क्वार्टर झुग्गी बस्ती में शनिवार देर रात भीषण आग लगने की वजह से 50 से अधिक झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति हबीबुल्लाह मोल्ला की जलने से मौत हो गई।
घटना के विरोध में रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इधर घटना की खबर पाकर मेयर फिरहाद हकीम स्थिति का निरीक्षण करने गए। कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम के पहुंचने पर विरोध प्रदर्शन और बढ़ गया। मेयर ने राजनीति भूलकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोपहर में जैसे ही मेयर वहां से चले गए, स्थिति और भी गरमा गई। दूसरी तरफ स्थानीय पार्षद सचिन सिंह अपने समर्थकों के साथ नारकेलडांगा पुलिस थाने पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गये। उन्हें देखकर इलाके के विपक्षी पार्टियों ने उनका फिर पीछा किया और थाने के सामने पहुंच गए।
पार्षद ने आरोप लगाया कि ये कुख्यात असामाजिक तत्व पप्पू खान गिरोह के हैं जो उनकी हत्या की साजिश रच रहा था। इसके चलते पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। अग्निकांड के पीड़ितों ने तृणमूल पार्षद पर सीधे तौर पर जबरन वसूली का आरोप लगाया। पीड़ितों के अनुसार, पार्षद स्थानीय लोगों के लिए कुछ नहीं करते।
कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्षद और उनके लोग हर दुकान से जबरन वसूली करते हैं। हमलोगों ने उनसे बार-बार मना किया कि यहां गोदाम मत बनाइए। लेकिन उन्होंने सुना नहीं।
उधर, स्थानीय पार्षद सचिन सिंह ने कहा कि मैंने पार्षद बनने के बाद भ्रष्टाचार रोक दिया इसलिए वे कुछ लोग हमसे नाराज हैं।
घटना के बारे में
मेयर ने कहा कि हम पीड़ितों के साथ हैं। सरकार जो भी कहेगी मैं वही करूंगा। मैं कानूनी और निष्पक्ष रूप से जो भी संभव होगा, करूंगा। यदि आप यहां सिंचाई के लिए स्थान उपलब्ध कराएं तो हम आपकी सहायता करेंगे। पीड़ितों के लिए घर बनाए जा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा