गुरुग्राम: हरियाणा की बोर्ड परीक्षाओं में कोई दिक्कत नहीं: नायब सिंह सैनी

-बोले, पेपर लीक नहीं हुआ पेपर आउट हुआ

गुरुग्राम, 6 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक चल रही हैं। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। पेपर लीक होने की जो बात कही जा रही है, वह लीक नहीं आउट हुआ है। वे गुरुवार को यहां पीडब्ल्यूडी विश्राम ग्रह में अधिकारियों की बैठक लेेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि आउट हुआ है। पेपर रूम से बाहर किया गया जिसकी किसी ने फोटो ले ली। इस विषय पर अच्छे से संज्ञान लिया गया है। पूरे हरियाणा में अब शांति से परीक्षा चल रही है, अब कोई दिक्कत नहीं है। बजट संबंधी प्रश्न के जवाब में नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीसरी सरकार का यह पहला बजट है। ऐसे में समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव मांगे गए थे। पोर्टल के माध्यम से सरकार को करीब 10 हजार से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसमें महिला, व्यापारी, उद्यमी, प्रगतिशील किसान व हॉर्टिकल्चर और स्टार्टअप सहित सभी वर्गों के सुझाव शामिल हैं। प्रयास है कि यह बजट प्रदेश की जनता की आशाओं को पूरा करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर