एचपीयू में वेतन में देरी पर शिक्षकों व कर्मचारियों का धरना, हड़ताल की चेतावनी
- Admin Admin
- Mar 04, 2025

शिमला, 04 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर मंगलवार को कुलपति कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) और गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धरने में विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों की कड़ी आलोचना की गई।
हपुटवा के अध्यक्ष डॉ. नितिन व्यास ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को चार तारीख तक वेतन नहीं मिला है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और सरकार की वित्तीय नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले विश्वविद्यालय को छह महीने का बजट एक साथ मिलता था, जिससे सभी खर्च आसानी से पूरे किए जाते थे, लेकिन अब हर महीने सरकार से बजट की किस्त मांगी जाती है जो कर्मचारियों के अधिकारों का हनन है।
गैर-शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि वेतन के लिए सड़क पर उतरना विश्वविद्यालय की गरिमा के लिए शर्मनाक है। उन्होंने प्रशासन की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि अगर जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन होगा।
सभा को संबोधित करते हुए प्रेम राज ने प्रशासनिक अधिकारियों पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया जबकि डॉ. जोगेंद्र सकलानी ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। ईसी कोर्ट सदस्य सुरेश, कर्मचारी नेता नरेश, पेंशनर संघ अध्यक्ष पीसी चंदेल, हपुटवा महासचिव डॉ. अंकुश भारद्वाज और डॉ. अशोक बंसल ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया और जल्द वेतन जारी करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कल तक वेतन जारी नहीं किया गया तो विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा