वित्तिय अनियमितताओं के दोषी प्रधान को किया गया बर्खास्त

धर्मशाला, 22 मार्च (हि.स.)।कांगड़ा जिला के फतेहपुर ब्लाक की वरोट पंचायत प्रधान को उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने जांच के बाद पद से बर्खास्त कर दिया है। अब वरोट पंचायत प्रधान की शक्तियां उपप्रधान को दे दी गई हैं। पंचायती राज अधिनियम के तहत ऐसे हटाए जाने वाले प्रधान आगामी छह सालों तक चुनाव भी नहीं लड़ सकते हैं।

गौरतलब है कि पंचायत के माध्यम से होने वाली पेमेंटस को लेकर प्रधान के खिलाफ शिकायतें आने के बाद पिछले वर्ष सितंबर माह में इन्हें सस्पेंड कर दिया गया था और नियमित जांच चल रही थी। जिसमें छह माह यानि मार्च तक पंचायती राज विभाग को जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।

वहीं अब जांच पूरी होने के बाद संबंधित प्रधान को पद से हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि विभागीय जांच 10 मार्च तक पूरी होनी थी और संबंधित प्रधान को हटाने संबंधित नोटिस जारी न होने के बाद प्रधान से अपनी बहाली संबंधी चर्चा भी पंचायत में शुरू कर दी थी। जिसके चलते अब संबंधित प्रधान पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पद से हटा दिया गया है।

उधर जिला पंचायत अधिकारी नीलम कटोच का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपायुक्त कांगड़ा ने प्रधान को पद से हटाने का निर्णय लिया है।

जिला में आधा दर्जन प्रधानों को पद से हटाया गया

कांगड़ा जिला में प्रधानों की मनमानी के खिलाफ एक दर्जन से अधिक शिकायतें हैं। लगभग आधा दर्जन पंचायत प्रधानों को तो पद हटाया भी जा चुका है। पिछले कुछ दिनों से पंचायत सचिवों की भी वितीय मामलों में संलिप्ता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जिला पंचायत अधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों व विभागीय कर्मचारियों से वितीय कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरतने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर