पुलिस की गांजा रेड कार्रवाई, नाै किलो गांजा के साथ आरोपित गिरफ्तार

Raipur, 3 मार्च (हि.स.)।पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर जिले में गांजा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए पुलिस टीम को सफलता हासिल हुई है। लैलूंगा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आज साेमवार काे ग्राम जामबहार में दबिश देकर नाै किलो गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई में आरोपित गोजाराम यादव (50) को गिरफ्तार किया गया, जो ओडिशा से गांजा लाकर बेचने की फिराक में था। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर साइबर सेल और थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में मुखबिर से सूचना मिली कि गोजाराम यादव गांजा छिपाकर बिक्री के लिए रखे हुए है। इस पर लैलूंगा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी।

पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपित के टिकरा पैरावट की तलाशी ली। वहां नाै पैकेट गांजा (प्रत्येक एक किलो) बरामद हुआ, जिसे आरोपित ने ओड़िशा से लाने की बात कबूली। इसके बाद गोजाराम यादव पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, संतकुमार केंवट, सुरेश मिंज, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह, बृजलाल गुर्जर, आरक्षक प्रशांत पंडा, महेश पंडा और विक्रम सिंह की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर