महिला आयोग सहित सरकार में महिलाओं को मिले प्रतिनिधित्व: प्रतिभा सिंह
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

शिमला, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को हिमाचल प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी शिमला में कांग्रेस कार्यालय में भी युवा कांग्रेस द्वारा महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी दी, वहीं प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति और मीरा कुमार को लोकसभा अध्यक्ष बनाने का गौरव भी कांग्रेस को प्राप्त है। पार्टी ने हमेशा महिलाओं को राजनीति और प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिलाएं कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। लेकिन अब समय आ गया है कि उन्हें संगठन और सरकार में भी अधिक प्रतिनिधित्व मिले। प्रतिभा सिंह ने विशेष रूप से महिला आयोग और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों में महिलाओं को अधिक अवसर देने की बात कही।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय पर सरकार से चर्चा की जाएगी ताकि महिलाओं को निर्णायक पदों पर अधिक प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के हक और सम्मान के लिए हमेशा प्रयासरत रही है और आगे भी इसी दिशा में काम करती रहेगी।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी महिलाओं के योगदान की सराहना की और उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा