निगम ने गंदगी हटाकर बनाई आकर्षक रंगोली, स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास

दानीटोला वार्ड में ट्रांसफार्मर किनारे सफाई के बाद बनाई गई रंगोली।इतवारी बाजार के पास दीवार किनारे सफाई के बाद बनाई गई रंगोली।

धमतरी, 7 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के नागरिकों में स्वच्छता की आदत डालने और शहर को साफ-सुंदर रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विशेष प्रयास किया जा रहा है। निगम प्रशासन शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए इन दिनों गंदगी वाले स्थल की साफ-सफाई कर उसे रंगोली से सजाने का कार्य कर रहा है। जनजागरुकता के लिए पोस्टर भी लगवाए जा रहे हैं। शहर के नागरिकों ने इस कार्य की सराहना की है।

साफ-सफाई की शुरुआत विंध्यवासिनी वार्ड, महिमासागर वार्ड से हो चुकी है। शुक्रवार को पोस्ट आफिस वार्ड के चौक में स्वच्छता समूह की महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाई। निगम की टीम ने कचरा साफ कर गोबर के घोल से पोताई भी की। रंग बिरंगी रंगोली से सजाकर फिर से कचरा न करने का आग्रह किया। आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ शहर की सफाई है, ताकि लोग साफ-सफाई के लिए जागरूक रहें। कचरे को नियत स्थान में डालें। नालियों एवं सड़कों पर कचरे न फेंके। रंगोली एवं पोस्टर से सफाई वाले स्थान को आकर्षक बनाया गया ताकि लोग गंदगी फैलाने से बचें। स्वच्छता की भावना अपनाएं। निगम टीम ने नागरिकों से आग्रह किया कि आसपास के स्थलों की सफाई स्वयं करें। गंदगी न फैलाएं व दूसरे को भी सफाई रखने प्रेरित करें। इस अभियान से लोगों में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। निगम की इस पहल की नागरिकों ने सराहना की और संकल्प लिया कि शहर को साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सहभागिता देंगे। राजू देवांगन, दिनेश कुमार साहू, धनराज गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का यह प्रयास सराहनीय है। लोगों को भी निगम के इस कार्य में सहयोग देना चाहिए।

ग्राहकों, व्यापारियों से किया आग्रह

टीम ने शहर की विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं में पहुंचकर व्यापारियों एवं वाहकों से कचरा न फैलाने का आवाह करते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया। टीम ने आग्रह किया कि दुकानों का कचरा सड़क व नालियों में न फेंककर निगम के अधिकृत वाहन या डस्टबिन में डालें। ग्राहकों को भी कचरा न फैलाने प्रेरित करें। गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा रहता है।

कचरा कलेक्शन के लिए वाहनों का रूट चार्ट तय

नगर निगम ने व्यवसायिक क्षेत्र में कचरा कलेक्शन के लिए वाहनों का रूट चार्ट जारी किया है। पांच वाहनों की मदद से विभिन्न क्षेत्र के कचरे का टाइम टू टाइम कलेक्शन किया जाएगा। यह वाहन सुबह नौ बजे से साढ़े 10 बजे तक शहर के घड़ी चौक, मठ मंदिर, रामबाग, विंध्यवासिनी मंदिर, लक्ष्मी निवास चौक, आंबेडकर चौक, सोरिद, रत्नाबांधा चौक, एफसीआई चौक, घड़ी चौक, सिहावा चौक, शांति कालोनी, सिहावा रोड, नहर नाका चौक, बस स्टैंड परिसर, अर्जुनी चौक आदि स्थान पर जाकर कचरा इकट्ठा करेंगे। वाहन क्रमांक, चालक का मोबाइल नंबर चार्ट में अंकित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर