फिर शुरू हुआ मुंबई मनपा में तबादले का घोटाला- मिहिर कोटेचा
- DSS Admin
- May 17, 2026
मुंबई, 17 मई (हि.स.)। भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने मुंबई महानगरपालिका में तबादलों का घोटाला फिर से शुरू होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े से इस मामले में हस्तक्षेप करने और तबादलों के घोटालों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
कोटेचा ने आरोप लगाया है कि तबादलों के घोटालों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तक्षेप कर रोक लगाई थी। लेकिन उसके सात महीने बाद, अब फिर ऐसा लग रहा है कि मुंबई मनपा नियमित तबादले के नाम पर तबादलों का घोटाला कर रही है। नई सूची में भी 55 अधिकारियों को पिछली सूची की तरह ही नियुक्ति दी जा रही है। मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े के संज्ञान में लाते हुए मिहिर कोटेचा ने उनसे एसे घोटालों को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है। कोटेचा ने बताया कि अतिरिक्त मनपा आयुक्त और मनपा आयुक्त ने अभी तक इन ऑर्डर पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। अक्टूबर में जब अमित सैनी अतिरिक्त मनपा आयुक्त थे, तब डिप्टी इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर समेत 161 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए गए थे।
कोटेचा के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत उन सभी तवादलों को रद्द कर दिया था। इस ‘कैश फॉर पोस्टिंग’ स्कैम में वरिष्ठ मनपा अधिकारियों पर अलग-अलग कैटेगरी में ट्रांसफर और प्रमोशन के लिए 5 लाख से 40 लाख रुपये लेने के गंभीर आरोप लगे थे। अब नए तबादले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया को नियमित प्रशासनिक तबादले के तौर पर दिखाया जा रहा है। हालांकि प्रस्तावित सूची में शामिल करीब 55 अधिकारियों को पिछली अक्टूबर की तबादले की सूची में नियुक्ति दी जा रही है। हमने यह सूची मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े को सौंप दी है।
---------------

