अधिक मास में कोटर शिवधाम में उमड़ी आस्था, हजाराें श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। अधिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर हलिया क्षेत्र स्थित अदवा नदी के मध्य विराजमान प्राचीन कोटर शिवधाम में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कतारों में लग गए। दिनभर चले पूजन-अर्चन के दौरान करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, माला, मंदार पुष्प, गंगाजल, दूध, भांग और धतूरा लेकर हर-हर महादेव के जयघोष के बीच मंदिर पहुंचे। घंटों प्रतीक्षा के बाद भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा रहा।

कोटर शिवधाम में मीरजापुर के अलावा प्रयागराज के कोरांव, अयोध्या, मड़फा, मध्य प्रदेश के सीधी, सतना और हनुमना, तथा सोनभद्र व रॉबर्ट्सगंज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कई भक्तों ने विशेष रुद्राभिषेक कर परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं के अनुसार कोटर शिवधाम की विशेष मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से भूत-प्रेत बाधा सहित जीवन की अनेक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। मंदिर के पुजारी सीताराम गिरी और जयराम गिरी ने बताया कि सुबह से देर शाम तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पूरे समय व्यवस्था संभाले रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर