
हिसार, 17 मार्च (हि.स.)। महिला को दहेज के लिए तंग करने व मारपीट करने के
मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ना
दी जा रही है। इस संबंध में साेमवार काे बरवाला वार्ड नंबर पांच की रहने वाली संगीता ने पुलिस को शिकायत
दी है।
शिकायत में उसने कहा है कि उसकी शादी 21 नवंबर 2021 को जिला जींद जलालपुरा के
रहने वाले मोहित के साथ हुई थी। संगीता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही उसके
पति, सास, ससुर और ननद ने उसे कम दहेज लाने को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। उन्होंने
एक अल्टो कार और सोने के आभूषण की मांग की और इसे पूरा करने तक उसे ससुराल में न रखने
की धमकी दी। संगीता का कहना है कि शादी के बाद पग फेरे की रस्म के बहाने पति उसे मायके
छोड़ गया और दहेज की मांग पूरी होने तक वापस न ले जाने की बात कही।
परिवार ने कई बार
पंचायत करवाई, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। दिसंबर 2024 में सतबीर सिंह
एमसी के घर पर हुई पंचायत में भी कोई हल नहीं निकला। इसके बाद संगीता ने महिला हेल्प
डेस्क, बरवाला में शिकायत दर्ज करवाई। दोनों पक्षों की काउंसलिंग करवाई गई, लेकिन कोई
समझौता नहीं हुआ। आखिर में 12 फरवरी 2025 को संगीता ने दोबारा बयान दर्ज करवा कर सख्त
कानूनी कार्रवाई की मांग की। जांच में सास, ससुर और ननद की संलिप्तता नहीं पाई गई,
लेकिन पति मोहित को आरोपी माना गया। पुलिस ने मोहित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन
अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर