महिला आयोग की सदस्य और सांसद ने दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के परिजनाें से मिले
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

घटना के विराेध में लाेगाें ने बाजार किया बंद, पुलिस बल तैनात
हाथरस, 17 मार्च (हि.स.)। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव बिसावर में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना से इलाके में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को घटना के विरोध में बिसावर व मई में बाजार बंद रहे। वहीं पीड़ित बच्ची के परिजनाें से मिलने उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मंजू सिंह और सांसद अनूप प्रधान पहुंचे। उन्हाेंने परिवारीजनाें से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और न्याय दिलाने का भराेसा दिया।
इससे पूर्व बाजार के व्यापारियों ने प्रतिष्ठानाें काे बंद करते हुए दुष्कर्मी को मृत्युदंड और उसके घर पर बुलडोजर चलाए जाने की मांग की। थाना पुलिस व चौकी इंचार्ज ने संभ्रात व्यक्तियों के सहयाेग से व्यापारियों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं बीती रात हुई मुठभेड़ में वह घायल हुआ है। उसे जल्द सजा दिलाने का आश्वासन देने के बाद बाजार खुल गया। हालांकि क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है और कई थानों का फोर्स तैनात है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालातों पर नजर बनाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि आरोपित अमन खान का अपराधिक इतिहास सामने आया है। वह 2018 से नाबालिग बच्चियाें के साथ दुष्कर्म कर रहा है। सादाबाद कोतवाली में आरोपित के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में उसे तीन साल की सजा भी हो चुकी है। पहले उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद भी वह दुष्कर्म की घटनाएं करने लगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना