मुख्यमंत्री ने संत रविदास जयन्ती की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं
- Admin Admin
- Feb 11, 2025
![](/Content/PostImages/982f8cd5e8c1fa402193c336da89aca1_1622778806.jpg)
लखनऊ, 11 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना सन्देश में मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज के विचारों का विस्तार असीम है। हमारा सौभाग्य है कि सतगुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धन उत्तर प्रदेश स्थित प्राचीनतम पौराणिक और सांस्कृतिक नगरी काशी में है। सतगुरु रविदास ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक किया। वह समता और सदाचार को अत्यन्त महत्व देते थे। उन्होंने अपने कथन ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के माध्यम से आंतरिक पवित्रता और निर्मलता पर बल दिया। सतगुरु रविदास ने अपनी रचनाओं में लोक-वाणी का अद्भुत प्रयोग किया, जिसका जनमानस पर अमिट प्रभाव पड़ा। उनकी रचनाएं हमारे साहित्य की अनमोल धरोहर हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला