हिसार : ठेकेदार ने सुसाइड नोट छोड़कर प्रॉपर्टी डीलर के घर में निगला जहर, अस्पताल में मौत

पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कियाहिसार, 8 फरवरी (हि.स.)। शहर के गंगवा रोड स्थित विराट नगर एक्सटेंशन निवासी ठेकेदार अनिल कुमार ने दो प्रोपर्टी डीलरों द्वारा लाखों रुपये लेने के बावजूद दुकान और प्लाट नाम ना कराने से तंग होकर प्रॉपर्टी डीलर कर्ण सिंह के घर जाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अनिल के पास एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। उसने उसमें अपनी मौत का जिम्मेवार प्रॉपर्टी डीलर कर्ण सिंह और उसके पार्टनर राजू को बताया है। पुलिस ने इस संबंध में नामजद कर्ण सिंह और राजू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। आजाद नगर स्थित सर्वोदय एनक्लेव कॉलोनी के कृष्ण कुमार ने पुलिस को बयान देकर बताया कि मेरा छोटा भाई अनिल परिवार के साथ विराट नगर एक्सटेंशन में रहता था। वह कोठियों का रंग-पेंट कराने का ठेका लेता था। भाई का 16 साल का बेटा है। अनिल ने अप्रैल 2024 में कर्ण कुंज कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर कर्ण सिंह और उसके पार्टनर आजाद नगर निवासी राजू से एक प्लाट व दुकान ली थी। प्लाट के 31 लाख और दुकान के 33 लाख रुपए दोनों को दे दिए थे। उसके बाद भाई के नाम इकरारनामा करवा दिया था, मगर प्लाट और दुकान नाम नहीं करवाए। इसके अलावा 14 लाख 15 हजार रुपए नकद दिए थे। भाई बार-बार दोनों से प्लाट और दुकान नाम करवाने के लिए बोलता था, मगर वे दोनों आज-कल की बात कहकर टालते रहे। इस बारे में दो-तीन बार पंचायत हुई, मगर उसके बावजूद ना तो रुपए वापस लौटाए और ना दुकान व प्लाट नाम करवाए। इतना ही नहीं राजू ने जान से मारने और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करवाने की धमकी दी थी।कृष्ण ने बताया कि शुक्रवार सुबह भाई अनिल प्रॉपर्टी डीलर कर्ण सिंह के घर रुपए मांगने के लिए गया। घर पर कर्ण सिंह नहीं मिला। उसके माता-पिता ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। प्लाट, दुकान व नकदी न देने से तंग होकर भाई ने कर्ण सिंह के घर पर ही सल्फास की गोलियां खा ली। पता चलने पर हम मौके पर पहुंचे और भाई को एक निजी अस्पताल में लेकर गए। देर शाम को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि कृष्ण के बयान पर कर्ण सिंह और राजू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।एक नामजद ने एससीएसटी एक्ट लगवाने की धमकी भी दीसुसाइड करने से पहले ठेकेदार अनिल ने एक पेज का सुसाइड नोट लिखा था। उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि मेरी मौत का कारण राजू और कर्ण हैं। मैंने कर्ण कुंज में प्लाट और एक दुकान खरीदी थी। उसके रुपए कर्ण और राजू को दे दिए थे। एग्रीमेंट पर साइन कर दिए थे। अप्रैल महीने में एक बार 5 लाख, फिर 10 लाख और उसके बाद 15 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा और भी लाखों रुपए दिए थे, मगर दोनों ने ना प्लाट नाम करवाया और ना ही दुकान। मैंने रुपए वापस मांगें तो राजू ने एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करवाने की धमकी दी। वह बोला, मेरे पास हर चीज का इलाज है। मेरी मौत का कारण वे दोनों पार्टनर हैं। इनको सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर